बलरामपुर जिले के रामानुजगंज नगर में शनिवार, 19 सितंबर को गणेश विसर्जन यात्रा के दौरान डीजे बंद कराने को लेकर विवाद हो गया. वार्ड क्रमांक 4 की गणेश प्रतिमा की विसर्जन यात्रा आगे बढ़ रही थी, इसी दौरान पुलिस ने डीजे बंद करा दिया. इससे नाराज सैकड़ों श्रद्धालु थाने पहुंच गए.
श्रद्धालुओं और पुलिस के बीच काफी देर तक बातचीत हुई. लोगों ने कहा कि यदि डीजे को लेकर प्रशासन की ओर से कोई रोक या नियम लागू है, तो आयोजकों को इसकी जानकारी पहले से दी जानी चाहिए. श्रद्धालुओं ने यह भी मांग रखी कि डीजे से जुड़े नियम सभी धार्मिक आयोजनों में समान रूप से लागू किए जाएं.
थाने पहुंचकर रखी मांग
थाने पहुंचे लोगों ने पुलिस से डीजे के इस्तेमाल को लेकर स्पष्ट और एक जैसी व्यवस्था बनाने की मांग की. उनका कहना था कि नियमों की पहले से जानकारी मिलने पर विसर्जन यात्रा के दौरान विवाद की स्थिति से बचा जा सकता है.
एसडीओपी बाजी लाल सिंह के अनुसार, गणेश विसर्जन के दौरान डीजे साउंड को लेकर विवाद की स्थिति बनी थी. पुलिस ने लोगों को समझाइश दी, जिसके बाद मामला शांत हो गया. उन्होंने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में रही और गणेश विसर्जन कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया. नगर में विसर्जन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था भी तैनात की गई थी.
