बलरामपुर-रामानुजगंज जिले की रामानुजगंज पुलिस ने कनकपुर स्थित एक गोदाम से लोहे के पाइप चोरी के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से चोरी किए गए 12 लोहे के पाइप बरामद हुए हैं. बरामद पाइपों की कीमत करीब 24 हजार रुपए बताई गई है.

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कनकपुर निवासी रफीक अंसारी (25) और तालिब अंसारी (34) के रूप में की है. मामले में तामेश्वर नगर निवासी अनुज कुमार प्रजापति (19) ने 22 सितंबर को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी.

शिकायत के मुताबिक, 17 और 18 सितंबर की दरमियानी रात तालिब अंसारी, रफीक अंसारी और उनके कुछ साथी कनकपुर स्थित गोदाम में दाखिल हुए थे. आरोप है कि वहां से 12 लोहे के पाइप चोरी किए गए.

पूछताछ के बाद बरामदगी

शिकायत मिलने के बाद रामानुजगंज पुलिस ने अपराध क्रमांक 175/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान संदिग्धों से पूछताछ की गई. इसके बाद आरोपियों की निशानदेही पर सभी 12 पाइप बरामद किए गए.

पुलिस ने बताया कि मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305, 331(4) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है. दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.