छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के रामानुजगंज क्षेत्र में स्थित विजयनगर हायर सेकेंडरी स्कूल में सोमवार को मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया. घटना भोजन अवकाश के दौरान दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई. हमले में 11 बच्चे और दो शिक्षक घायल हो गए.

घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई. सभी घायलों को तत्काल रामानुजगंज के सौ बिस्तर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका उपचार शुरू किया. चिकित्सकों के अनुसार, प्राथमिक उपचार के बाद चार छात्राओं की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए बलरामपुर जिला अस्पताल रेफर किया गया.

जिला अस्पताल भेजी गई छात्राओं में दसवीं कक्षा की समीदा खातून, नंदिनी कुशवाहा, आफरीन अहमान खातून और अफरीना खातून शामिल हैं. अन्य घायल बच्चों और दोनों शिक्षकों का इलाज रामानुजगंज अस्पताल में जारी है.

स्कूल के व्याख्याता वेणुधर सिधार के मुताबिक, लंच के समय अचानक मधुमक्खियों का झुंड बच्चों और शिक्षकों पर टूट पड़ा. इलाज कर रहीं डॉक्टर रुक्मणि ने भी चार बच्चों को रेफर किए जाने की जानकारी दी.

घटना की सूचना मिलने पर एसडीएम आनंद राम नेताम, तहसीलदार मनोज पैकरा और रामचंद्रपुर के बीईओ विजय कुशवाहा अस्पताल पहुंचे. अधिकारियों ने घायलों की स्थिति और उपचार व्यवस्था के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली.