रामानुजनगर के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के माध्यमिक विभाग में विकसित पूरक पोषण वाटिका से इस सप्ताह बरबट्टी, भिंडी और मिर्च की अच्छी पैदावार हुई. बच्चों ने वाटिका से इन सब्जियों की तुड़ाई में उत्साह के साथ भाग लिया.
वाटिका के प्रभारी शिक्षक बिहारी लाल साहू के अनुसार, बच्चों को जैविक खेती और संतुलित पोषण के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है. बच्चों की भागीदारी से बरबट्टी, भिंडी, मिर्च के अलावा अन्य मौसमी सब्जियां भी लगाई गई हैं.
मध्याह्न भोजन में होगा उपयोग
शिक्षक ने बताया कि वाटिका से मिलने वाली ताजी सब्जियों का उपयोग विद्यालय के मध्याह्न भोजन में किया जाएगा. इससे विद्यार्थियों को भोजन में पोषक सब्जियां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
सब्जियों की तुड़ाई के दौरान बच्चों ने अपने हाथों से फसल निकाली. विद्यालय के अनुसार, इस गतिविधि से विद्यार्थियों में श्रम के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और आत्मनिर्भरता को लेकर समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है.
विद्यालय प्रबंधन ने पोषण वाटिका के प्रभारी शिक्षक और इसमें सहयोग करने वाले विद्यार्थियों की सराहना की है.
