छत्तीसगढ़ के कृषि मंत्री और रामानुजगंज विधायक रामविचार नेताम दीपावली पर अपने गृह ग्राम कामेश्वर नगर पहुंचे. उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं और गांव में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी ली.

ग्राम पंचायत कामेश्वर नगर में लक्ष्मण सिंह खैरवार के निवास परिसर में आयोजित मुलाकात के दौरान ग्रामीणों ने मंत्री के सामने अपनी समस्याएं और क्षेत्र की जरूरतें रखीं. नेताम ने लोगों की बातें सुनीं और विकास कार्यों को लेकर चर्चा की. उन्होंने मां महामाया से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की.

साप्ताहिक हाट बाजार का निरीक्षण

गृह ग्राम के दौरे के दौरान मंत्री ने कामेश्वर नगर में बन रहे साप्ताहिक हाट बाजार का निरीक्षण भी किया. उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति देखी और अधिकारियों से काम की गुणवत्ता तथा इसे तय समय पर पूरा करने को लेकर चर्चा की.

नेताम ने कहा कि साप्ताहिक हाट बाजार बनने से किसानों, व्यापारियों और ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी. इससे क्षेत्र में व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है.

मंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.