छत्तीसगढ़ के निलंबित IPS अधिकारी रतन लाल डांगी से जुड़े यौन उत्पीड़न मामले में जांच अधिकारी बदलने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है. पुलिस विभाग ने हाईकोर्ट को बताया है कि DGP ने गृह सचिव को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा है. प्रस्ताव में IPS दीपांशु काबरा को नया जांच अधिकारी और IPS प्रशांत कुमार अग्रवाल को प्रस्तुतकर्ता अधिकारी बनाए जाने की बात कही गई है.

प्रस्ताव पर सक्षम स्तर से अंतिम निर्णय होना बाकी है. इसके बाद ही आगे की औपचारिक कार्रवाई शुरू होगी. मामले की अगली सुनवाई अगले सप्ताह होने की जानकारी शिकायतकर्ता की ओर से पेश वकील अभिषेक पांडेय ने दी है.

शिकायतकर्ता ने प्राथमिक जांच पर उठाए सवाल

पुलिस विभाग में पदस्थ एक SI की पत्नी ने रतन लाल डांगी पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था. शिकायतकर्ता ने 15 अक्टूबर 2025 को पुलिस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी. उनके मुताबिक, डांगी पिछले सात वर्षों से उनका शारीरिक और मानसिक शोषण कर रहे थे. इन आरोपों के बीच डांगी को पद से हटाया गया और बाद में निलंबित कर दिया गया. डांगी ने आरोपों को झूठा बताया है.

शिकायतकर्ता ने हाईकोर्ट में याचिका दायर कर कहा था कि प्राथमिक जांच के दौरान उनका पक्ष ठीक से नहीं सुना गया और आरोपी अधिकारी को बचाने की कोशिश की गई. उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए किसी वरिष्ठ, विशेष रूप से महिला IAS अधिकारी को जिम्मेदारी देने की मांग की थी.

याचिका के अनुसार, तत्कालीन IG आनंद छाबड़ा और तत्कालीन DIG मिलना कुर्रे को जांच की जिम्मेदारी दी गई थी. शिकायतकर्ता ने दोनों अधिकारियों की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए उन्हें जांच से हटाने का अनुरोध किया था.

अब पुलिस विभाग को जांच अधिकारी बदलने की प्रक्रिया और आगे की कार्रवाई की स्थिति हाईकोर्ट के सामने रखनी होगी. आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और न्यायिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.