छत्तीसगढ़ के रतनपुर थाना क्षेत्र में बिलासपुर-अंबिकापुर नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार कार खंभे से टकरा गई. हादसे में बिहार के पटना निवासी ट्रांसपोर्टर शैलेष रंजन की मौत हो गई. घटना नेवसा गांव के पास ऋषि फ्यूल स्टेशन के नजदीक हुई.
जानकारी के मुताबिक, शैलेष रंजन 27 अक्टूबर को अंबिकापुर में चावल लेने पहुंचे थे. उन्होंने पूरी रात अपनी निगरानी में ट्रक में माल लोड कराया था. अगले दिन सुबह वह अपनी कार से ट्रक के पीछे-पीछे लौट रहे थे.
बताया जा रहा है कि सुबह करीब 9 बजे उनकी कार तेज रफ्तार में थी. इसी दौरान थकान के कारण उन्हें झपकी आने की आशंका है, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर खंभे से जा टकराया. टक्कर में कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शैलेष को सीने में गंभीर चोट लगी. उनकी मौके पर ही मौत हो गई.
फोन करने पर सामने आया हादसा
मुंबई के अंधेरी वेस्ट निवासी उनके भतीजे आयुष हरीश सिन्हा ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 9:28 बजे उन्होंने शैलेष के मोबाइल पर फोन किया था. कॉल किसी अनजान व्यक्ति ने उठाई और नेवसा के पास कार के दुर्घटनाग्रस्त होने की जानकारी दी.
सूचना मिलने के बाद परिजन रतनपुर पहुंचे और मरच्यूरी में शव की पहचान की. पुलिस ने पंचनामा और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया. मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है.
