रिसाली नगर निगम चुनाव की तैयारियों को लेकर कांग्रेस ने बैठक कर संगठन को बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर चर्चा की. निजी भवन में हुई बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, पूर्व गृह मंत्री ताम्रध्वज साहू, चुनाव पर्यवेक्षक मोहन मरकाम समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए.

बैठक के बाद भूपेश बघेल ने राज्य सरकार पर कर्मचारियों के वेतन और पेंशन से जुड़े मुद्दों को लेकर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के पास कर्मचारियों को तनख्वाह देने और पेंशन का भुगतान करने के लिए पैसा नहीं है. बघेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटियों को लेकर भी भाजपा सरकार पर सवाल उठाए.

बघेल के मुताबिक, कर्मचारियों के लिए 100 दिन में कलेक्टर दर पर भुगतान, मानदेय दोगुना करने और नियमितीकरण जैसे वादे किए गए थे, लेकिन इनमें से कोई भी काम पूरा नहीं हुआ. उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा नेता और पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल द्वारा मुख्यमंत्री को पेंशन बहाल करने की मांग को लेकर पत्र लिखे जाने से सरकार की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है.

भिलाई और रिसाली नगर निगमों के वार्ड आरक्षण में एससी-एसटी वर्ग से जुड़े सवालों पर बघेल ने कहा कि इस मुद्दे पर उठी आपत्तियों पर सरकार ने ध्यान नहीं दिया. उन्होंने कहा कि मामले को न्यायालय में ले जाना चाहिए था.

उन्होंने दावा किया कि चुनाव में जनता के सामने धनबल, बाहुबल या प्रशासनिक बल काम नहीं करेगा.

मोहन मरकाम ने कहा कि कांग्रेस स्थानीय मुद्दों और भाजपा सरकार के कथित कामकाज को लेकर जनता के बीच जाएगी. उन्होंने बताया कि अब बूथ स्तर पर काम शुरू होगा. टिकट वितरण के लिए वार्डों से आने वाले नामों पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी विचार करेगी.