कबीरधाम जिले के सहसपुर लोहारा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित सोनोग्राफी और नेत्र जांच शिविर का उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने निरीक्षण किया. उन्होंने शिविर में स्वास्थ्य जांच कराने पहुंचे मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली.

विजय शर्मा ने मौके पर मौजूद चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को मरीजों का बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ जरूरतमंद लोगों तक सहजता से पहुंचना चाहिए.

उप मुख्यमंत्री ने अस्पताल परिसर में संचालित अटल आरोग्य लैब और पोषण पुनर्वास केंद्र का भी अवलोकन किया. उन्होंने दोनों केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली.

इस दौरान अस्पताल परिसर में आयोजित रक्तदान शिविर का भी निरीक्षण किया गया. स्वेच्छा से रक्तदान करने वाले लोगों को विजय शर्मा ने प्रमाण पत्र प्रदान किए और उनका उत्साहवर्धन किया. उन्होंने रक्तदान को जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक कार्य बताते हुए स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक और प्रेरित करने की आवश्यकता पर जोर दिया.

विजय शर्मा ने रक्तदाताओं को इस मानवीय कार्य में सहभागी बनने के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं.