छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले में साजा पुलिस ने चार भैंसों के कथित अवैध परिवहन के मामले में सात लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, भैंसों को पिकअप वाहन में भरकर मध्यप्रदेश ले जाया जा रहा था. जांच में यह भी सामने आया कि पिकअप के आगे दो मोटरसाइकिलों से चार लोग पायलटिंग कर रहे थे.

पुलिस के मुताबिक, 30 सितंबर को ग्राम कोदवा निवासी गणेश वैष्णव को पिकअप क्रमांक CG 04 NZ 5877 में भैंसों को ले जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद वह गौवंश सेवकों के साथ ग्राम परपोड़ा और मोहभट्ठा के बीच पुल के पास पहुंचे. कुछ देर बाद संदिग्ध पिकअप वहां पहुंची, जिसे रोककर पुलिस को सूचना दी गई.

पिकअप में चार भैंसों के साथ चालक लक्ष्मण मेरावी और अन्य लोग सवार थे. वाहन के आगे CG 08 AT 2715 और CG 09 JN 7515 नंबर की दो मोटरसाइकिलों पर चार लोग चल रहे थे. पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी मवेशियों के परिवहन से जुड़े कोई वैधानिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके.

प्रारंभिक जांच में भैंसों को पर्याप्त चारा-पानी दिए बिना क्रूरतापूर्वक ले जाने और मध्यप्रदेश के कत्लखाने तक पहुंचाने की आशंका जताई गई है. पुलिस ने पिकअप और मवेशियों को थाने लाकर कार्रवाई शुरू की.

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजकुमार मेरावी, धनीराम मेरावी, लेखू मेरावी, भारत मरकाम, राकेश मेरावी, लक्ष्मण मेरावी और मनीष राज मेरावी के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, पांच आरोपी बहेराखार और दो पंडरिया क्षेत्र के निवासी हैं. सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.

कार्रवाई में चार भैंसें, पिकअप और दो मोटरसाइकिलें जब्त की गईं. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 3.39 लाख रुपये बताई गई है. पुलिस ने छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज किया है.