बेमेतरा जिले के साजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने गौवंश के कथित अवैध परिवहन के मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से छह गौवंश, एक पिकअप और एक बाइक बरामद की गई. जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 2.85 लाख रुपए बताई गई है.
पुलिस के मुताबिक, 9 सितंबर की रात गौसेवक नरेश यादव को सूचना मिली थी कि पिकअप में गौवंश भरकर मोहलाई की ओर ले जाए जा रहे हैं. इसके बाद नरेश अपने साथियों के साथ ग्राम परसबोड़ चौक पहुंचे. रात करीब 10 बजे CG 09 JG 4714 नंबर की पिकअप को रोककर जांच की गई. वाहन में छह कम उम्र के गौवंश मिले.
पुलिस का कहना है कि पिकअप में चालक समेत तीन लोग सवार थे, जबकि एक व्यक्ति CG 09 JU 3294 नंबर की बाइक से वाहन के आगे चल रहा था. पिकअप चालक की पहचान जगजीवन अनंत के रूप में हुई. उसके साथ सुन्दर सिंह यादव और गिरवेश पटले थे. बाइक चालक का नाम रामबगस वलके बताया गया है.
पुलिस के अनुसार, गौवंश को पर्याप्त चारा-पानी के बिना ले जाया जा रहा था. मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम, 2004 की धाराओं 4, 6 और 10 तथा पशु क्रूरता निवारण अधिनियम, 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत केस दर्ज किया गया है.
पुलिस ने बताया कि पूछताछ के बाद चारों को 10 सितंबर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया. जब्त छह गौवंश की कीमत करीब 35 हजार, पिकअप की 2 लाख और बाइक की 50 हजार रुपए आंकी गई है.
