छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में रविवार सुबह यात्री बस और बाइक की आमने-सामने टक्कर में बाइक सवार तीन लोगों की मौत हो गई. हादसा डभरा-चंद्रपुर मार्ग पर छवारिपाली पेट्रोल पंप के पास हुआ. पुलिस के अनुसार, टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरे और मौके पर ही उनकी मौत हो गई.

मृतकों की पहचान ग्राम दर्री निवासी हरिशंकर चौहान (40), मोहरदास बैरागी (55) और शेतकुमार पटेल (62) के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक, तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर सक्ती से चंद्रपुर की ओर जा रहे थे. उन्हें सपोस में आयोजित रामनाम सप्ताह में भजन गाने के लिए जाना था.

रायपुर से डभरा जा रही थी बस

पुलिस के मुताबिक, मुस्कान यात्री बस रायपुर से डभरा की ओर जा रही थी. इसी दौरान छवारिपाली के पास बस की बाइक से टक्कर हो गई. हादसे के बाद बस चालक घटनास्थल से फरार हो गया. पुलिस उसकी भूमिका और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है.

सूचना मिलने पर डभरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों को कब्जे में लिया. पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजे गए. पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं.

एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से दर्री और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल है. परिवारों के मुताबिक, तीनों धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने और भजन प्रस्तुति देने के लिए घर से निकले थे.