छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में तीन दिन से लापता 38 वर्षीय महेश राम केंवट का शव बुधवार सुबह गंगासागर तालाब से बरामद किया गया. महेश 22 नवंबर की रात घर से निकलने के बाद वापस नहीं लौटा था. शव मिलने के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कार्रवाई की मांग को लेकर बिलासपुर-चंद्रपुर मुख्य मार्ग पर चक्काजाम किया.

महेश गांव में दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करता था. परिजनों के मुताबिक, 22 नवंबर की रात करीब 9 बजे वह पड़ोस में रहने वाले लालजी लोहार के निधन के बाद वहां रखवाली करने की बात कहकर घर से निकला था. अगले दिन सुबह तक उसके वापस नहीं आने पर तलाश शुरू की गई. पत्नी गणेशी केंवट ने हसौद थाने में शिकायत दर्ज कराई. परिजनों ने अपहरण की आशंका भी जताई थी.

लापता होने के बाद गंगासागर तालाब के किनारे महेश का जैकेट मिला. इसी बीच ग्रामीणों में चर्चा हुई कि घटना वाली रात वहां कुछ लोग जुआ खेल रहे थे और पुलिस ने दबिश दी थी. ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस वाहन देखकर लोग भागने लगे और महेश ने तालाब में छलांग लगा दी. कुछ अन्य लोगों के तालाब से बाहर निकलने की बात भी सामने आई है. ग्रामीणों ने पुलिस कार्रवाई के दौरान युवकों से कथित मारपीट का आरोप लगाया है. इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.

23 नवंबर को स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की गई, लेकिन पानी अधिक होने के कारण सफलता नहीं मिली. 24 नवंबर को बिलासपुर से SDRF की टीम बुलाई गई. लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे महेश का शव निकाला गया. एडिशनल एसपी पंकज पटेल के अनुसार, कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में पंचनामा के बाद शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा.

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने हसौद के प्रशिक्षु थाना प्रभारी जयराम साहू को निलंबित कर पुलिस लाइन अटैच कर दिया है. पुलिस के शुरुआती आकलन के अनुसार, ट्रेनी टीआई वरिष्ठ अधिकारियों को जानकारी दिए बिना कार्रवाई के लिए पहुंचे थे. मामले की जांच के लिए डभरा/चंद्रपुर के प्रभारी अनुविभागीय पुलिस अधिकारी को जांच अधिकारी बनाया गया है.

कांग्रेस नेता कुशल कश्यप और परिजनों ने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों पर हत्या का मामला दर्ज करने, संबंधित पुलिसकर्मियों को निलंबित करने और परिवार को 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की है. इन मांगों और पुलिस पर लगाए गए आरोपों पर अंतिम स्थिति जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी.