छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में महिला की हत्या के मामले में फरार आरोपी रंजीत धनुहार को पुलिस ने छह दिन बाद गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, 49 वर्षीय आरोपी कैथा गांव का निवासी है और उसे बिलाईगढ़ थाना क्षेत्र के खुर्सुला-बकलीपाली जंगल से पकड़ा गया. गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया.

खेत में मिला था महिला का शव

पुलिस के मुताबिक, कैथा निवासी अनिल विश्वकर्मा ने 23 अक्टूबर को हसौद थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. उन्होंने बताया कि उसी सुबह करीब सात बजे उनकी बुआ लक्ष्मीन बाई विश्वकर्मा का शव रामलाल कश्यप के खेत में मिला था.

जांच में पुलिस के सामने आया कि 22 अक्टूबर की रात गाली-गलौज को लेकर हुए विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर लक्ष्मीन बाई के साथ हाथ-मुक्कों और जलती लकड़ी से मारपीट की. पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के बाद शव को खेत से हटाकर उसके घर की परछी में रखा गया. घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था.

पुलिस के अनुसार, 28 और 29 अक्टूबर की दरम्यानी रात मुखबिर से आरोपी के जंगल में छिपे होने की सूचना मिली. इसके बाद हसौद पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया. मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत कार्रवाई की गई है. पुलिस ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने मारपीट करने की बात स्वीकार की है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है.