छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में 11 सितंबर को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एक मंच पर होंगे. जेठा स्थित कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में जिले के 121.70 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले 38 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया जाएगा.

प्रशासनिक आंकड़ों के मुताबिक, 7,925.02 लाख रुपये यानी करीब 79.25 करोड़ रुपये की लागत वाले 23 कार्यों का भूमिपूजन होगा. वहीं, 4,245.65 लाख रुपये यानी करीब 42.45 करोड़ रुपये की लागत से पूरे हो चुके 15 कार्यों का लोकार्पण किया जाएगा. कार्यक्रम में राज्य सरकार के मंत्रियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के भी शामिल होने की जानकारी दी गई है.

सड़क, स्वास्थ्य और शिक्षा से जुड़े काम

प्रस्तावित कार्यों में देवरघटा-सपिया के 22 किलोमीटर लंबे मार्ग समेत छुहीपाली-सेमराडीह, अण्डी-सातबहिनिया और नगझर-नवापारा मार्ग का निर्माण या चौड़ीकरण शामिल है. ग्रामीण क्षेत्रों में बसंतपुर, साराडीह, पेंडरुवा, कटेकोनी बड़े, ठनगन, फरसवानी, तुषार और करौंवाडीह में उप स्वास्थ्य केंद्र भवन बनाए जाने हैं.

शासकीय कन्या महाविद्यालय, सक्ती और मालखरौदा के बेदराम शासकीय महाविद्यालय के नए भवनों के साथ आधुनिक लाइवलीहुड संस्थान के भवन का भी भूमिपूजन प्रस्तावित है. इसके अलावा पुलिस लाइन नंदौरखुर्द में शस्त्रागार, अचानकपुर, सिंघरा और जेठा में महतारी सदन तथा कृषि और उद्यानिकी से जुड़े गोदाम-कार्यालय भवन भी योजना में शामिल हैं.

पार्किंग और यातायात व्यवस्था

कार्यक्रम में भीड़ की संभावना को देखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-49 के पास पार्किंग व्यवस्था की गई है. जेठा टोल प्लाजा के समीप सामान्य वाहनों के लिए जगह तय की गई है, जबकि वीआईपी वाहनों के लिए कलेक्टोरेट गेट की ओर अलग पार्किंग और कारकेट मार्ग निर्धारित किया गया है. आपात स्थिति के लिए अलग रूट आरक्षित रखा गया है. कॉलेज ग्राउंड के पास दो हेलीपैड और कार्यक्रम स्थल पर पेयजल, सफाई, चिकित्सा तथा बिजली की व्यवस्था की गई है.