सक्ती जिले की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) शुभदा गोयल ने 9 सितंबर को सक्ती उपजेल का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने बंदियों को मिल रहे भोजन, स्वास्थ्य सुविधाओं, साफ-सफाई और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की स्थिति देखी. निरीक्षण के बाद जेल प्रशासन को सुधार और बेहतर प्रबंधन के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए.
रसोई और मुलाकात रजिस्टर की जांच
सीजेएम ने जेल की रसोई का दौरा कर भोजन तैयार करने की प्रक्रिया, रसोई की स्वच्छता और बंदियों को दिए जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली. उन्होंने मुलाकात रजिस्टर का भी अवलोकन किया.
इसके बाद उन्होंने उपजेल की अलग-अलग बैरकों का निरीक्षण किया और वहां बंदियों से सीधे बातचीत की. बंदियों से उनकी समस्याओं, जरूरतों और जेल में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली गई. उनकी ओर से बताई गई समस्याओं और आवश्यकताओं पर जेल प्रशासन को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए गए.
स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी जोर
निरीक्षण के दौरान जेल में उपलब्ध चिकित्सकीय सुविधाओं और स्वास्थ्य व्यवस्था का भी जायजा लिया गया. सीजेएम ने बंदियों को समय पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने और जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने पर जोर दिया.
निरीक्षण के समय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी अंकिता देवदास और जेलर विजय पटेल भी मौजूद रहे. सीजेएम ने जेल प्रशासन से बंदियों को दी जा रही सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने और उनकी जरूरतों पर संवेदनशीलता से काम करने को कहा.
