छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर उदयपुर थाना क्षेत्र के साल्ही मोड़ के पास गुरुवार रात सड़क हादसे में दो सगे भाइयों की मौत हो गई. दोनों बाइक से घाटबर्रा से डांडगांव में आयोजित दसई करमा देखने जा रहे थे.

मृतकों की पहचान घाटबर्रा निवासी धन्ना मझवार (23) और मन्ना मझवार (21) के रूप में हुई है. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, दोनों घरवालों को बताकर निकले थे. इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया.

हादसे में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई. रिपोर्ट के अनुसार, दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था. सूचना मिलने पर 112 आपातकालीन सेवा की टीम घटनास्थल पर पहुंची और शवों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर ले जाया गया. शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव स्वजन को सौंप दिए गए.

घटना के बाद परिवार में मातम है. स्थानीय लोगों ने साल्ही मोड़ समेत राजमार्ग से जुड़ने वाली ग्रामीण सड़कों और तिराहों पर गति अवरोधक व संकेतक लगाने की मांग उठाई है. उनका कहना है कि इन स्थानों पर सड़क सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं और रात में तेज रफ्तार वाहनों से खतरा बढ़ जाता है. फरार वाहन और चालक का पता लगाने की कार्रवाई जारी है.