सरगुजा और सूरजपुर जिले में पिछले छह महीने में 19 लोगों की मौत से जुड़े कबरा हाथी को काबू करने के लिए वन विभाग ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया है. हाथी फिलहाल उदयपुर वन परिक्षेत्र के सायर जंगल में मौजूद बताया जा रहा है. ऑपरेशन के लिए बिलासपुर से वन्यजीव विशेषज्ञ डॉ. पीके चंदन और डॉ. जयकिशोर जड़िया की टीम सरगुजा पहुंची है.

वन विभाग के अनुसार, हाथी के आक्रामक व्यवहार को देखते हुए उसे केवल रेडियो कॉलर पहनाने की योजना बदल दी गई है. अब उसे ट्रैंकुलाइज कर रमकोला हाथी रेस्क्यू सेंटर भेजने की तैयारी है. विभाग का कहना है कि इससे पहले कुछ हाथियों के रेडियो कॉलर गिर गए या हाथियों ने निकाल दिए थे, इसलिए इस मामले में रेस्क्यू सेंटर में शिफ्ट करना अधिक सुरक्षित विकल्प माना गया है.

ऑपरेशन में रमकोला रेस्क्यू सेंटर से लाए गए दो प्रशिक्षित कुमकी हाथियों—तीरथराज और दुर्योधन—की मदद ली जा रही है. दोनों हाथियों को ट्रकों से रामगढ़ पहुंचाया गया. शुक्रवार सुबह करीब 9 बजे से अलग-अलग टीमें जंगल में सर्चिंग के लिए उतरीं.

सायर बीट के खारभवना, भालू महुआ और झेरामाड़ा के आसपास करीब 2 से 3 किलोमीटर क्षेत्र में 8 से 10 सदस्यीय टीमों ने तलाश की. पहाड़ी और घने जंगल के कारण हाथी को ट्रैंकुलाइज करने के लिए साफ निशाना नहीं मिल सका. निगरानी के लिए ड्रोन भी उड़ाए गए, लेकिन पेड़ों की घनी छतरी के चलते हाथी की स्पष्ट तस्वीर कैमरे में कैद नहीं हो पाई.

हाथी ने बुधवार और गुरुवार को प्रेमनगर के उमेश्वरपुर में दिलासो और उदयपुर के झिरमिटी में अंतीबाई की जान ले ली थी. एक अन्य महिला के गंभीर रूप से घायल होने की भी जानकारी है. सायर, कुदर और बसवार सहित आसपास के स्कूलों में एहतियातन छुट्टी घोषित की गई है. ग्रामीणों को जंगल की ओर नहीं जाने की चेतावनी दी गई है. पहले दिन सफलता नहीं मिलने के बावजूद घेराबंदी जारी है.