महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के आरोपी और कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से भारत लाया गया है. CBI के अनुसार, ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे रेड कॉर्नर नोटिस के आधार पर पकड़ा था. इसके बाद भारत सरकार के माध्यम से ओमान को उसके प्रत्यर्पण का औपचारिक प्रस्ताव भेजा गया.

CBI और प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आरोपी के खिलाफ जुटाए गए सबूत प्रस्ताव के साथ साझा किए थे. भारत सरकार की एजेंसियों, इंटरपोल और ओमान के अधिकारियों के बीच बातचीत के बाद प्रत्यर्पण को मंजूरी मिली. इसके बाद CBI की टीम मस्कट पहुंची और चंद्राकर को भारत लेकर आई.

भारत पहुंचने के बाद उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा. CBI के मुताबिक, ट्रांजिट रिमांड लेकर उसे रायपुर ले जाया जाएगा और 2 नवंबर को रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाएगा. CBI का कहना है कि चंद्राकर दो मामलों में आरोपी है और दोनों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. ED के मामले में भी उसके खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल है.

जांच में सट्टेबाजी नेटवर्क का दावा

जांच एजेंसी के अनुसार, महादेव ऑनलाइन बुक का संचालन भारत के बाहर से होता था और इसके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश सहित अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टा लगाया जाता था. CBI का दावा है कि देशभर में फ्रेंचाइजी की तरह पैनल और शाखाएं बनाकर लोगों को इस नेटवर्क से जोड़ा गया और उनसे रकम जमा कराई गई.

एजेंसी के मुताबिक, सट्टेबाजी से मिली रकम कई बैंक खातों में जमा कराई जाती थी. अलग-अलग लेनदेन के जरिए रकम छिपाने और हवाला के माध्यम से विदेश भेजने का भी आरोप जांच में सामने आया है. CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और जालसाजी से जुड़ी धाराओं तथा छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम के तहत चार्जशीट दाखिल की है. ED भारत और विदेश में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है.