महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के मुख्य आरोपित सौरभ चंद्राकर को केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) मंगलवार, 3 नवंबर को रायपुर लेकर पहुंची. अधिकारियों के अनुसार, उसे रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाना है. दिल्ली की राउज एवेन्यू अदालत ने 2 नवंबर को चंद्राकर की दो दिन की ट्रांजिट रिमांड मंजूर करते हुए उसे 4 नवंबर 2026 तक या उससे पहले रायपुर की अदालत में पेश करने का निर्देश दिया था.

चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पित किए जाने के बाद दिल्ली लाया गया था. CBI ने अदालत को बताया था कि उसके खिलाफ रायपुर की विशेष अदालत से 9 सितंबर 2026 को गैर-जमानती वारंट जारी हुआ था और वह मामले में आरोपपत्रित आरोपित है.

मामले में CBI का आरोप है कि चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके सहयोगियों ने पैनल व शाखा संचालकों के नेटवर्क के जरिए ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार चलाया. जांच एजेंसी के अनुसार, कथित अवैध रकम को विभिन्न बैंक खातों के जरिए विदेश भेजा जाता था.

चंद्राकर के वकीलों ने प्रत्यर्पण की शर्तों का हवाला देते हुए CBI मामले में कार्रवाई पर आपत्ति जताई है. दिल्ली अदालत ने इस कानूनी सवाल पर अंतिम निर्णय रायपुर की संबंधित विशेष अदालत पर छोड़ा है.