महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के आरोपी और कथित प्रमोटर सौरभ चंद्राकर को ओमान से प्रत्यर्पण के बाद भारत लाया गया है. सोमवार को उसे दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश किया गया, जहां प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश निखिल चोपड़ा ने CBI को दो दिन की ट्रांजिट रिमांड दी. अदालत ने निर्देश दिया कि चंद्राकर को 4 नवंबर 2026 या उससे पहले रायपुर की विशेष CBI अदालत में पेश किया जाए.
CBI महादेव ऐप से जुड़े मामलों की जांच कर रही है. उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, छत्तीसगढ़ सरकार ने इस मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं. इनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है. प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी मनी लॉन्ड्रिंग के पहलू की जांच कर रहा है और चंद्राकर के खिलाफ अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुका है.
प्रत्यर्पण की शर्तों पर अदालत में बहस
सुनवाई के दौरान चंद्राकर के वकील ने ओमान की अदालत के आदेश का हवाला देते हुए CBI की कार्रवाई पर आपत्ति जताई. बचाव पक्ष का कहना था कि भारत की ओर से ओमान को भेजे गए प्रत्यर्पण अनुरोध में ED के मामले को मंजूरी मिली थी, जबकि CBI के मामले को मंजूरी नहीं दी गई थी. वकील ने दलील दी कि प्रत्यर्पण की शर्तों के तहत चंद्राकर पर उन्हीं मामलों में कार्रवाई हो सकती है, जिनके आधार पर उसे भारत लाया गया है.
CBI ने इसके जवाब में कहा कि रायपुर की विशेष अदालत पहले ही चंद्राकर के खिलाफ ओपन-एंडेड गैर-जमानती वारंट जारी कर चुकी है. एजेंसी के मुताबिक, उसे ओमान सरकार से मिली जानकारी के आधार पर भारत लाया गया है और CBI तथा ED के मामले आपस में जुड़े हुए हैं. CBI ने कहा कि दिल्ली की अदालत के सामने इस चरण में केवल रायपुर तक ले जाने के लिए ट्रांजिट रिमांड का सवाल है. प्रत्यर्पण की शर्तों और CBI मामले में मुकदमा चलाने के अधिकार पर रायपुर की विशेष अदालत फैसला करेगी.
CBI और ED की जांच में क्या आरोप हैं
CBI के मुताबिक, सौरभ चंद्राकर, रवि उप्पल और उनके सहयोगियों ने महादेव बुक ऐप को प्रमोट किया था. जांच एजेंसी का आरोप है कि ऑनलाइन सट्टेबाजी के लिए अलग-अलग प्लेटफॉर्म, पैनल और ब्रांच बनाए गए थे. इनके जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर सट्टा संचालित किया जाता था.
एजेंसी के अनुसार, सट्टे से मिलने वाली रकम अलग-अलग बैंक खातों में जमा कराई जाती थी और लेनदेन के जरिए उसे छिपाकर विदेश भेजा जाता था. CBI ने हवाला के जरिए रकम UAE पहुंचाने और नेटवर्क को संचालित करने के आरोप लगाए हैं. जांच में छत्तीसगढ़ के युवाओं को कर्मचारी और मैनेजर के तौर पर जोड़े जाने की बात भी कही गई है.
CBI ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, जालसाजी और छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम से जुड़ी धाराओं में चार्जशीट दाखिल की है. ED भारत और विदेश में कई संपत्तियां अटैच कर चुकी है. ये सभी आरोप जांच एजेंसियों के हैं; इन पर अंतिम निर्णय अदालत में होना है.
8 जुलाई को ओमान में गिरफ्तारी
CBI के अनुसार, चंद्राकर 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल रेड कॉर्नर नोटिस जारी था. एजेंसी का कहना है कि वह UAE से ओमान पहुंचा था, जहां ओमान की रॉयल पुलिस ने 8 जुलाई 2026 को उसे गिरफ्तार किया. इसके बाद भारत सरकार के जरिए CBI और ED ने प्रत्यर्पण प्रस्ताव तथा संबंधित साक्ष्य ओमान को सौंपे. CBI की टीम 1 नवंबर को उसे मस्कट से भारत लेकर आई.
चंद्राकर के खिलाफ CBI दो मामलों में चार्जशीट और ED मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुका है. अब पहले CBI उससे पूछताछ के लिए रायपुर अदालत से आगे की रिमांड मांग सकती है. इसके बाद ED भी अपनी जांच के तहत पूछताछ की मांग कर सकता है.
