महादेव ऑनलाइन सट्टा ऐप मामले के आरोपी सौरभ चंद्राकर को शुक्रवार को रायपुर जेल से ED की स्पेशल कोर्ट में पेश किया जाएगा. PMLA स्पेशल कोर्ट ने ED के आवेदन को स्वीकार कर लिया है. पेशी के बाद प्रवर्तन निदेशालय उससे पूछताछ के लिए कस्टोडियल रिमांड की मांग करेगा.

सौरभ को प्रोडक्शन वारंट पर पुलिस सुरक्षा के बीच रायपुर जेल से अदालत लाया जाएगा. इससे पहले CBI की आठ दिन की कस्टोडियल रिमांड पूरी होने के बाद उसे रायपुर की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया. CBI ने आगे की कस्टडी नहीं मांगी और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का अनुरोध किया. अदालत ने सौरभ को 19 नवंबर तक न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया.

CBI ने किन बिंदुओं पर पूछताछ की

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, CBI ने आठ दिन की पूछताछ में महादेव ऐप के नेटवर्क, पैनल ऑपरेटरों, हवाला के जरिए हुए लेनदेन और कथित प्रोटेक्शन मनी से जुड़े पहलुओं पर जानकारी जुटाई. जांच एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सट्टेबाजी से जुटाई गई रकम किन लोगों तक पहुंची और नेटवर्क में अधिकारियों व अन्य लोगों की क्या भूमिका थी.

इस मामले में पहली FIR 30 मार्च 2022 को दुर्ग के मोहन नगर थाने में दर्ज हुई थी. ED ने 6 अक्टूबर 2022 को मनी लॉन्ड्रिंग के कोण से जांच शुरू की. CBI ने 18 दिसंबर 2024 को केस दर्ज किया. छत्तीसगढ़ सरकार ने मामले से जुड़ी 13 FIR जांच के लिए CBI को सौंपी थीं, जिनमें से दो मामलों में चार्जशीट दाखिल होने की जानकारी दी गई है.

ओमान से भारत लाए गए सौरभ

CBI के अनुसार, सौरभ चंद्राकर 2023 से दुबई में रह रहा था और उसके खिलाफ इंटरपोल का रेड कॉर्नर नोटिस जारी था. ओमान की रॉयल पुलिस ने उसे 8 जुलाई 2026 को गिरफ्तार किया. इसके बाद प्रत्यर्पण प्रक्रिया पूरी होने पर CBI टीम उसे 1 नवंबर को मस्कट से भारत लेकर आई.

जांच एजेंसियों के मुताबिक, नेटवर्क के जरिए क्रिकेट, फुटबॉल, ताश और अन्य खेलों पर ऑनलाइन सट्टेबाजी कराई जाती थी. रकम बैंक खातों के जरिए घुमाने और हवाला के माध्यम से विदेश भेजने की भी जांच की जा रही है. ED मनी लॉन्ड्रिंग मामले में अभियोजन शिकायत दाखिल कर चुकी है और कई संपत्तियां अटैच करने की कार्रवाई कर चुकी है.