बिलासपुर स्थित साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) को कोल इंडिया के 52वें स्थापना दिवस समारोह में ‘सोशल मीडिया प्रेजेंस’ श्रेणी का प्रथम पुरस्कार मिला है. यह समारोह कोलकाता में आयोजित किया गया था.

पुरस्कार मिलने के बाद एसईसीएल मुख्यालय में जनसंपर्क विभाग की पूरी टीम ने निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास से मुलाकात की और उन्हें पुरस्कार की ट्रॉफी भेंट की. दास ने टीम को बधाई देते हुए उसके योगदान की सराहना की.

उन्होंने कहा कि प्रभावी जनसंपर्क और डिजिटल संचार के जरिए कंपनी की उपलब्धियों, गतिविधियों और जनकल्याणकारी पहलों को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने में जनसंपर्क विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है. उन्होंने टीम से भविष्य में भी समर्पण और नवाचार के साथ काम जारी रखने का आग्रह किया.

एसईसीएल को तीन कॉर्पोरेट पुरस्कार

समारोह में एसईसीएल को विभिन्न श्रेणियों में कुल सात पुरस्कार मिले. इनमें तीन कॉर्पोरेट और चार व्यक्तिगत पुरस्कार शामिल हैं. कॉर्पोरेट श्रेणी में सोशल मीडिया प्रेजेंस के लिए प्रथम पुरस्कार मिला, जबकि पर्यावरण प्रबंधन तथा भूमि अधिग्रहण एवं पुनर्वास श्रेणियों में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुए.

प्रबंधन के अनुसार, सोशल मीडिया श्रेणी का सम्मान डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कंपनी की उपलब्धियों, खनन गतिविधियों, पर्यावरण संरक्षण, कॉर्पोरेट सामाजिक जिम्मेदारी (सीएसआर) पहलों और कर्मचारी कल्याण से जुड़ी जानकारी साझा करने के प्रयासों के लिए मिला है.