छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के उतई थाना क्षेत्र स्थित सेलूद भाटापारा की तांदुला नहर में बहे 17 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी शिवम यादव का शव दूसरे दिन बरामद कर लिया गया. एसडीआरएफ की टीम ने 13 सितंबर की सुबह करीब 5:30 बजे दोबारा शुरू किए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान शव को नहर से बाहर निकाला.
शिवम रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र का रहने वाला था. वह अपने साथियों के साथ सेलूद में आयोजित ओपन कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचा था. प्रतियोगिता के बाद युवक नहर के पास गए थे. इसी दौरान दो युवक तेज बहाव की चपेट में आ गए. ग्रामीणों की मदद से एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि शिवम बह गया.
12 सितंबर को दिनभर चला तलाशी अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद उतई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तलाश शुरू कराई. जिला सेनानी और जिला अग्निशमन अधिकारी के निर्देश पर एसडीआरएफ दुर्ग की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ पहुंची. टीम ने नहर के भीतर और आसपास के संभावित हिस्सों में खोजबीन की.
नहर में पानी का जलस्तर अधिक होने और बहाव तेज होने के कारण तलाशी अभियान में कठिनाई आई. एसडीआरएफ ने 12 सितंबर को दिनभर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन शिवम का पता नहीं चल सका. अंधेरा होने और नहर की स्थिति को देखते हुए अभियान रोकना पड़ा.
पुलिस को सौंपा गया शव
13 सितंबर की सुबह 5:30 बजे से टीम ने फिर संभावित स्थानों पर तलाशी शुरू की. लगातार खोजबीन के बाद शिवम का शव बरामद हुआ और उसे उतई थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस पंचनामा सहित आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है.
