बिलासपुर के पूर्व विधायक शैलेश पांडेय ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि पार्टी के नेताओं के बीच आपसी समन्वय नहीं है. उनके मुताबिक, इसी वजह से बिलासपुर का समुचित विकास नहीं हो सका और जनप्रतिनिधि शहर की जनता की आवाज प्रभावी ढंग से नहीं उठा पाए.
प्रेस क्लब के पहुना कार्यक्रम में पांडेय ने कहा कि बारिश के दौरान होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान और बार-बार बिजली गुल होने की समस्या से राहत दिलाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा. उन्होंने कहा कि दोबारा विधायक बनने का अवसर मिलने पर इन मुद्दों पर काम करेंगे.
पूर्व विधायक ने बिलासपुर एयरपोर्ट के विस्तार, नाइट लैंडिंग की सुविधा और उड़ान सेवाओं के संचालन से जुड़े मुद्दे विधानसभा में उठाने की बात भी कही. उन्होंने नदी को शहर की पहचान बताते हुए उसके संरक्षण, बेहतर जल निकासी और शहरी विकास के लिए दीर्घकालिक योजना की जरूरत बताई.
पांडेय ने नगर निगम सीमा विस्तार और बिलासपुर को बी-ग्रेड सिटी का दर्जा दिलाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया. आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के लिए अंग्रेजी माध्यम और कंप्यूटर शिक्षा, ई-गवर्नेंस तथा युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर भी उन्होंने अपनी बात रखी.
उन्होंने कहा कि शहर की समस्याओं के समाधान के लिए जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय और लगातार प्रयास जरूरी हैं.
