छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के शंकरगढ़ में जनपद पंचायत के सभाकक्ष में एसडीएम की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई. बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों, पंचायत सचिवों और रोजगार सहायकों ने हिस्सा लिया.

बैठक में विभागवार और पंचायतवार कार्यों की समीक्षा की गई. अधिकारियों को लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने के निर्देश दिए गए.

पीएम आवास योजना पर जोर

प्रधानमंत्री आवास योजना में धीमी प्रगति वाली पंचायतों को लेकर नाराजगी जताई गई. अधिकारियों से अधूरे आवास जल्द पूरे कराने और किश्त भुगतान से जुड़ी समस्याओं का तत्काल निराकरण करने को कहा गया.

बैठक में 17 सितंबर से प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों की भी समीक्षा की गई और इसकी रूपरेखा पर चर्चा हुई. सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए योजनाओं का लाभ अंतिम छोर तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए.

सरगुजा ओलंपिक के पंजीयन की समीक्षा

सरगुजा ओलंपिक की तैयारियों के दौरान ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से अधिक से अधिक खिलाड़ियों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया. गांव स्तर पर प्रचार-प्रसार कराने और खेल विधाओं के अनुसार अनिवार्य पंजीयन पूरा कराने के निर्देश दिए गए.

इसके अलावा सूरज छत्तीसगढ़ योजना और मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीयन की स्थिति की भी समीक्षा की गई.