छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के शिवरीनारायण स्थित शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल की जमीन से कथित अतिक्रमण हटाने का निर्देश हाईकोर्ट ने दिया है. अदालत ने कलेक्टर, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) और तहसीलदार को कानून के अनुसार कार्रवाई पूरी कर एक महीने के भीतर अनुपालन रिपोर्ट पेश करने को कहा है.

यह मामला शिवरीनारायण निवासी अमन केशरवानी की याचिका के बाद सामने आया. सुनवाई के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने शपथपत्र दाखिल कर बताया कि स्कूल के प्राचार्य और शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष अतिक्रमण हटाने के लिए राजस्व और प्रशासनिक अधिकारियों को कई बार लिखित आवेदन दे चुके हैं.

शपथपत्र के अनुसार स्कूल को पांच एकड़ जमीन दान में मिली थी. इसमें से करीब ढाई एकड़ जमीन पर 56 लोगों के कथित कब्जे के कारण उसका उपयोग शैक्षणिक गतिविधियों के लिए नहीं हो पा रहा है. जिला शिक्षा अधिकारी ने यह भी बताया कि स्कूल को अतिरिक्त भवन, पर्याप्त बुनियादी सुविधाओं और खुले खेल मैदान की जरूरत है.

जमीन खाली होने के बाद स्कूल की योजना

शपथपत्र में कहा गया है कि जमीन खाली होने के बाद वहां विस्तृत खेल मैदान बनाया जाएगा. इस मैदान में खेल प्रतियोगिताएं, शारीरिक शिक्षा और अन्य सहशैक्षणिक गतिविधियां कराई जाएंगी. साथ ही स्कूल भवन और दूसरी सुविधाओं के विस्तार की योजना भी बताई गई है.

सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि 12 मई 2023 को अतिक्रमणकारियों के पक्ष में अंतरिम आदेश जारी हुआ था. इसके चलते शिक्षा विभाग और राजस्व अधिकारियों के लिए कार्रवाई करना संभव नहीं हो पा रहा था. अब संबंधित लोगों को कब्जा हटाने के नोटिस जारी किए जा चुके हैं.

हाईकोर्ट ने शपथपत्र में 56 अतिक्रमणकारियों के कब्जे का उल्लेख गंभीरता से लिया और संबंधित अधिकारियों को एक महीने में जमीन खाली कराने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.