छत्तीसगढ़ के शिवरीनारायण में महानदी पर 63 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से नया पुल बनाया जाएगा. मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिवरीनारायण महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर क्षेत्र के विकास से जुड़ी कई घोषणाएं कीं.

मुख्यमंत्री ने गंदे पानी के शोधन के लिए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) लगाने की बात भी कही. इसके अलावा राम वन गमन पर्यटन परिपथ के तहत विकास कार्य कराने का ऐलान किया गया है.

शिवरीनारायण को नगर पंचायत से नगरपालिका में उन्नत करने के लिए सर्वे कराया जाएगा. उपलब्ध जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत अध्यक्ष राहुल थवाईत और अन्य जनप्रतिनिधियों ने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी मांगें मुख्यमंत्री के सामने रखी थीं. इसके बाद मुख्यमंत्री ने इन कार्यों को लेकर शीघ्र पहल करने का आश्वासन दिया.

महोत्सव में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सपत्नीक भगवान के दर्शन किए और चित्रोत्पला गंगा महाआरती में भी हिस्सा लिया.