रायपुर के सिलतरा क्षेत्र में 220 नशीली गोलियों की बरामदगी से जुड़े मामले में विशेष NDPS अदालत ने आरोपी आसिफ खान को पांच साल के कठोर कारावास की सजा सुनाई है. अदालत ने उस पर 10 हजार रुपये का जुर्माना भी लगाया. जुर्माना नहीं भरने पर उसे तीन महीने की अतिरिक्त कठोर सजा भुगतनी होगी.
आसिफ खान रायपुर के मौदहापारा का रहने वाला है. अभियोजन पक्ष के मुताबिक, 10 जुलाई 2021 की रात करीब 9 बजे पुलिस टीम सिलतरा क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी. महेंद्र चौक फेस-2 में एक सैलून के पास पुलिस वाहन देखकर एक युवक तेजी से भागने लगा. रोककर पूछताछ करने पर उसने अपना नाम आसिफ खान बताया.
पुलिस के अनुसार, तलाशी में उसकी हाफ पैंट की दाहिनी जेब से 12 पत्ते और बाईं जेब से 10 पत्ते NITROSUN-10 की गोलियां मिलीं. कुल 220 टैबलेट का वजन 123.081 ग्राम बताया गया. गोलियों को गवाहों की मौजूदगी में जब्त कर नमूना अलग किया गया और उसे सीलबंद कर मालखाने में जमा कराया गया.
पुलिस ने आरोपी से गोलियों की खरीद, बिक्री, इस्तेमाल, परिवहन या कब्जे से जुड़े दस्तावेज मांगे थे, लेकिन वह दस्तावेज पेश नहीं कर सका. इसके बाद NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया. सुनवाई पूरी होने पर विशेष न्यायाधीश एनडीपीएस शैलेश शर्मा ने आरोपी को धारा 22(B) के तहत दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई.
