छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में रायपुर-बिलासपुर नेशनल हाईवे-130 पर सोमवार सुबह एक यात्री बस खड़े ट्रक से टकरा गई. हादसा सिमगा थाना क्षेत्र में ग्राम दरचुरा के पास इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नजदीक हुआ. दुर्घटना में तीन यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रेवल्स की बस (CG 04 NM 0859) अंबिकापुर से यात्रियों को लेकर रायपुर जा रही थी. सुबह करीब 5:30 बजे बस मुख्य मार्ग पर खड़े एक खराब ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया.
हादसे के समय बस में करीब 22 यात्री सवार थे. बताया गया कि अधिकांश यात्री सो रहे थे और उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला. टक्कर के बाद बस का ढांचा मुड़ गया, जिससे कई यात्री अंदर फंस गए.
सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा. बस में फंसे घायलों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल किया गया. बस की चादर काटकर यात्रियों को बाहर निकाला गया और घायलों को उपचार के लिए शासकीय अस्पताल, सिमगा भेजा गया.
पुलिस मृतकों और घायलों की पहचान की कार्रवाई कर रही है. शुरुआती जानकारी में घायलों की संख्या 10 से अधिक बताई गई है और प्रशासन की पुष्टि के बाद आंकड़े बदल सकते हैं.
