छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स), बिलासपुर को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए 19 स्नातकोत्तर चिकित्सा पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण की अस्थायी स्वीकृति मिली है. इसके साथ ही संस्थान में एमडी और एमएस की कुल 91 सीटों पर प्रवेश की अनुमति दी गई है.

स्वीकृत सीटों में 14 एमडी पाठ्यक्रमों की 69 और पांच एमएस पाठ्यक्रमों की 22 सीटें शामिल हैं. एमडी में सामुदायिक चिकित्सा की पांच, फॉरेंसिक मेडिसिन की दो, एनाटॉमी की तीन, बायोकेमिस्ट्री की चार, फार्माकोलॉजी की पांच और माइक्रोबायोलॉजी की पांच सीटें हैं.

इसके अलावा पीडियाट्रिक्स में छह, एनेस्थीसियोलॉजी में आठ, त्वचा रोग में तीन, जनरल मेडिसिन में आठ, मनोचिकित्सा में तीन, पैथोलॉजी में नौ, रेडियो डायग्नोसिस में तीन और रेस्पिरेटरी मेडिसिन में दो सीटें स्वीकृत की गई हैं.

एमएस पाठ्यक्रमों में ईएनटी की चार, नेत्र रोग की तीन, प्रसूति एवं स्त्री रोग की छह, ऑर्थोपेडिक्स की छह और जनरल सर्जरी की छह सीटें शामिल हैं.

सिम्स के अधिष्ठाता डॉ. रमणेश मूर्ति ने कहा कि पीजी पाठ्यक्रमों के नवीनीकरण और प्रवेश की अनुमति संस्थान के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है. उनके अनुसार, इससे विद्यार्थियों को व्यावहारिक और चिकित्सकीय प्रशिक्षण के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा भविष्य में प्रदेश को विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.

संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक डॉ. लखन सिंह ने भी इसे उत्साहवर्धक उपलब्धि बताया.

हालांकि, स्वीकृति पत्र में यह स्पष्ट किया गया है कि वास्तविक सीटों की संख्या मेडिकल असेसमेंट एंड रेटिंग बोर्ड (MARB) द्वारा अनुमत संख्या के अनुसार ही मान्य होगी.