महासमुंद जिले के सिरको गांव में वर्ष 1939 से संचालित मिशन प्राथमिक शाला का भवन जर्जर होने के कारण करीब एक महीने से बंद है. भवन की दीवारों में गहरी दरारें आने के बाद संभावित हादसे के डर से बच्चों की कक्षाएं गांव के दूसरे सरकारी स्कूल में अस्थायी रूप से लगाई जा रही हैं.

स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक करीब 25 बच्चे पढ़ते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, नाराज पालकों ने चार बच्चों की टीसी के लिए आवेदन किया है. पालकों और ग्रामीणों ने स्कूल भवन की तत्काल जांच, मरम्मत, अतिरिक्त कमरों और पर्याप्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है. उन्होंने चेतावनी दी है कि स्थिति नहीं सुधरी तो आंदोलन किया जाएगा.

तीन स्थानों में पढ़ रहे 61 बच्चे

अस्थायी स्कूल में पहली से पांचवीं तक की कक्षाओं के लिए कम से कम पांच कमरों की जरूरत है, लेकिन वहां दो कमरे और एक हॉल ही उपलब्ध हैं. इन तीन स्थानों पर मिशन स्कूल और सरकारी स्कूल की पांच-पांच कक्षाओं के कुल 61 बच्चों को बैठाकर पढ़ाया जा रहा है. इससे कक्षाओं के संचालन और पढ़ाई के माहौल को लेकर परेशानी बनी हुई है.

मिशन स्कूल में पांच कक्षाओं के लिए केवल एक शिक्षक पदस्थ होने की बात भी सामने आई है. पालकों का कहना है कि वे भवन के रखरखाव में सहयोग करते रहे हैं, लेकिन पक्की मरम्मत के लिए संस्था समिति ने बजट उपलब्ध नहीं होने की बात कही.

जिला शिक्षा अधिकारी बीएल देवांगन ने कहा कि बच्चों की परेशानी दूर करने के लिए तत्काल व्यवस्था बनाने के निर्देश खंड शिक्षा अधिकारी को दिए जाएंगे. उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर नए भवन का प्रस्ताव भेजा जाएगा.