रायपुर. छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी स्मृति ईरानी प्रदेश प्रभारी बनने के बाद पहली बार राज्य के दो दिवसीय दौरे पर पहुंची हैं. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बताया कि दौरे के दौरान वह भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के अलग-अलग स्तरों के पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगी.

छत्तीसगढ़ भाजपा की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार, अभनपुर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का 139वां एपिसोड सुनने के बाद स्मृति ईरानी प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू के साथ रायपुर स्थित प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचेंगी. यहां प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री के बाद प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी.

इसके बाद संभाग प्रभारी और सह-प्रभारी, जिला प्रभारी और सह-प्रभारी तथा जिलाध्यक्षों के साथ बैठक प्रस्तावित है. वह पूर्व विधायकों और पूर्व सांसदों से भी मुलाकात करेंगी. चाय के बाद पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी के साथ बैठक का कार्यक्रम है.

दौरे के दूसरे दिन, 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगी. इसके बाद मंत्रिमंडल, निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों एवं उपाध्यक्षों के साथ बैठक प्रस्तावित है. दौरे का समापन ‘विचार परिवार’ के साथ बैठक से होगा.

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि दो दिनों के प्रवास में संगठन से जुड़े विभिन्न स्तरों के लोगों से संवाद किया जाएगा.