रायपुर. भाजपा की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ की नई प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगी. उनके साथ सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू के भी आने का कार्यक्रम है. प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह छत्तीसगढ़ का उनका पहला दौरा होगा.
दौरे के दौरान भाजपा संगठन की गतिविधियों, आगामी कार्ययोजनाओं और राजनीतिक रणनीति पर चर्चा होगी. पार्टी के कोर ग्रुप, वर्तमान और पूर्व पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों तथा विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं.
पहले दिन सुबह 11 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी. इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला स्तर के प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक समीक्षा की जाएगी.
शाम को पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों, पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों तथा भाजपा कोर ग्रुप के साथ संवाद का कार्यक्रम है. इन बैठकों में संगठन की स्थिति और आगे की कार्ययोजना पर चर्चा होने की संभावना है.
दौरे के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी भाजपा विधायकों और सांसदों के साथ बैठक करेंगी. इसके बाद साय कैबिनेट के सभी मंत्रियों के साथ चर्चा प्रस्तावित है. इस बैठक में मंत्रियों के कामकाज और उपलब्धियों की रिपोर्ट लेने की बात कही गई है.
दोपहर बाद निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक होगी. शाम को विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों से संवाद का कार्यक्रम निर्धारित है.
स्मृति ईरानी के स्वागत के लिए रायपुर एयरपोर्ट से कुशाभाऊ ठाकरे परिसर तक पार्टी कार्यकर्ताओं की मौजूदगी और विभिन्न स्थानों पर स्वागत की तैयारियां की गई हैं. युवा मोर्चा और महिला मोर्चा की बाइक रैली भी प्रस्तावित है.
