भारतीय जनता पार्टी की राष्ट्रीय महामंत्री और छत्तीसगढ़ की प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गई हैं. प्रदेश प्रभारी बनने के बाद यह उनका छत्तीसगढ़ का पहला प्रवास है. उनके साथ पार्टी के राष्ट्रीय मंत्री और सह-प्रभारी सिद्धार्थ शम्भू भी रायपुर पहुंचे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों नेताओं के दौरे में संगठनात्मक समीक्षा, रणनीतिक चर्चा और पार्टी के पूर्व व वर्तमान पदाधिकारियों के साथ संवाद शामिल है. बैठकों का सिलसिला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनने के बाद शुरू होगा.
रविवार को सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शम्भू ‘मन की बात’ सुनेंगे. इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक होगी. दोपहर में प्रदेश पदाधिकारियों तथा संभाग और जिला स्तर के प्रभारियों के साथ समीक्षा और रणनीति पर चर्चा प्रस्तावित है.
दोपहर बाद पूर्व विधायकों और सांसदों, फिर पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों के साथ बैठक होगी. दिन के अंत में भाजपा कोर ग्रुप की बैठक आयोजित की जाएगी.
सोमवार को प्रदेश के सभी भाजपा विधायकों, पार्टी सांसदों और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों के साथ अलग-अलग बैठकें प्रस्तावित हैं. इसके अलावा निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों तथा विचार परिवार के प्रमुख पदाधिकारियों और प्रतिनिधियों के साथ भी संवाद होगा.
रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी नेताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सोशल मीडिया पर प्राथमिकता देने को कहा गया है. भाजपा का आईटी सेल वरिष्ठ नेताओं और पदाधिकारियों की सोशल मीडिया गतिविधियों के आधार पर रिपोर्ट कार्ड तैयार करेगा. पार्टी इस कवायद को आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनावों तथा ‘मिशन 2028-29’ की तैयारियों से जोड़कर देख रही है.
