भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रभारी और राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी रविवार, 25 अक्टूबर को दो दिवसीय संगठनात्मक दौरे पर रायपुर पहुंचीं. उनके साथ पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी सिद्धार्थ शंभू भी हैं. दोनों नेता 25 और 26 अक्टूबर को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन पदाधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें करेंगे.

दौरे के दौरान प्रदेश अध्यक्ष, संगठन महामंत्री और प्रदेश महामंत्रियों के साथ संगठनात्मक चर्चा होगी. इसके अलावा प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग और जिला प्रभारियों, जिला अध्यक्षों, पूर्व सांसदों और पूर्व विधायकों के साथ भी बैठकें प्रस्तावित हैं. पहले दिन भाजपा कोर ग्रुप की बैठक भी होगी.

दूसरे दिन स्मृति ईरानी भाजपा विधायकों, सांसदों और राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों से संवाद करेंगी. निगम, मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों-उपाध्यक्षों के साथ भी समीक्षा बैठक रखी गई है. कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ प्रसारण को सुनना भी शामिल है.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बैठकों का फोकस संगठन के कामकाज, पार्टी और सरकार के बीच समन्वय तथा छत्तीसगढ़ में भाजपा की आगामी रणनीति की समीक्षा पर रहेगा.