भाजपा की छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी सिद्धार्थ शंभू 25 और 26 अक्टूबर को रायपुर प्रवास पर रहेंगे. इस दौरान दोनों नेता प्रदेश भाजपा संगठन के प्रमुख नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और विचार परिवार के साथ बैठकों में शामिल होंगे.

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, स्मृति ईरानी 25 अक्टूबर की सुबह रायपुर पहुंचेंगी. सुबह 11 बजे से 11:30 बजे तक वे अभनपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुनेंगी. इसी स्थान पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी जून में आयोजित कांग्रेस के प्रशिक्षण शिविर में शामिल हुए थे.

‘मन की बात’ कार्यक्रम के बाद स्मृति ईरानी प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन और प्रदेश महामंत्रियों के साथ बैठक करेंगी. पहले दिन प्रदेश पदाधिकारियों, संभाग प्रभारियों और सह प्रभारियों, जिला प्रभारियों और सह प्रभारियों तथा जिला अध्यक्षों के साथ चर्चा का कार्यक्रम है. पूर्व विधायकों, पूर्व सांसदों और पूर्व प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी होगी. इसके अलावा भाजपा कोर ग्रुप की बैठक निर्धारित है.

26 अक्टूबर को जनप्रतिनिधियों के साथ बैठकें

दौरे के दूसरे दिन 26 अक्टूबर को स्मृति ईरानी विधायक, सांसद और मंत्रियों के साथ अलग-अलग बैठकें करेंगी. इसके बाद निगम-मंडल, आयोग और बोर्ड के अध्यक्षों तथा उपाध्यक्षों के साथ चर्चा होगी. विचार परिवार के साथ बैठक भी कार्यक्रम में शामिल है.

दो दिवसीय प्रवास में भाजपा की संगठनात्मक गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों और संगठनात्मक कार्ययोजना पर चर्चा की जाएगी. स्मृति ईरानी और सिद्धार्थ शंभू के ठहरने की व्यवस्था रायपुर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में की गई है.