32वें अखिल भारतीय राज्य निर्वाचन आयुक्त सम्मेलन का आयोजन 16 और 17 सितंबर को नवा रायपुर के अटल नगर में किया जाएगा. सम्मेलन का उद्घाटन छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका करेंगे. आयोजन छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग कर रहा है.

छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयुक्त अजय सिंह के अनुसार, यह सम्मेलन देश के अलग-अलग राज्यों में प्रतिवर्ष आयोजित किया जाता है. छत्तीसगढ़ इससे पहले 2014 में भी इस आयोजन की मेजबानी कर चुका है.

पंचायत और नगरीय निकाय चुनावों पर चर्चा

सम्मेलन में विभिन्न राज्यों से आए राज्य निर्वाचन आयुक्त स्थानीय लोकतंत्र को मजबूत करने से जुड़े विषयों पर विचार-विमर्श करेंगे. चर्चा का केंद्र विशेष रूप से त्रिस्तरीय पंचायतों और नगरीय निकायों के चुनाव होंगे. इन चुनावों को अधिक सशक्त, पारदर्शी, समावेशी, विश्वसनीय और सहभागी बनाने के लिए निर्वाचन प्रक्रिया के अलग-अलग पहलुओं पर बात होगी.

लोकतांत्रिक निर्वाचन से जुड़े विषयों पर प्रिंस्टन यूनिवर्सिटी, न्यू जर्सी, अमेरिका के अंतरराष्ट्रीय विशेषज्ञ भी सम्मेलन में हिस्सा लेंगे.

अजय सिंह ने बताया कि Electronic Corporation of India, हैदराबाद और Bharat Electronics Limited, बेंगलुरु के EVM विशेषज्ञ भी अपने संस्थानों की अद्यतन तकनीकी जानकारी प्रस्तुत करेंगे. सम्मेलन में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से जुड़े तकनीकी पहलुओं पर भी चर्चा होगी.