छत्तीसगढ़ के सुहेला क्षेत्र में शनिवार शाम तिगड्डा चौक पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई. जानकारी के अनुसार, करीब 5:30 बजे पीछे से आ रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी. हादसे में सुहेला निवासी रोशन ध्रुव (30) ट्रक के पहियों की चपेट में आ गए और उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया.
बताया गया कि रोशन ध्रुव अपनी Hero Honda Deluxe मोटरसाइकिल से सब्जी लेकर घर लौट रहे थे. इसी दौरान स्वास्तिक ट्रांसपोर्ट के ट्रक ने उनकी बाइक को पीछे से टक्कर मारी. टक्कर के बाद वे सड़क पर गिर पड़े और ट्रक उन्हें कुचलते हुए आगे निकल गया.
मुआवजे की मांग पर चक्काजाम
हादसे की खबर फैलने के बाद ग्रामीण मौके पर जुट गए. उन्होंने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर बलौदाबाजार-सिमगा मार्ग पर चक्काजाम कर दिया. ग्रामीण 20 लाख रुपये मुआवजे की मांग कर रहे थे. चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और देर रात तक आवागमन प्रभावित रहा.
समाचार लिखे जाने तक परिजनों को मुआवजे के संबंध में ठोस आश्वासन नहीं मिला था. ग्रामीणों ने सड़क की जल्द मरम्मत, भारी वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने और चौक-चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग भी उठाई.
स्थानीय लोगों के अनुसार, क्षेत्र की सड़क पहले से जर्जर है और हाल की बारिश के बाद जगह-जगह गड्ढों व फिसलन की स्थिति बनी हुई है. उनका कहना है कि आबादी वाले हिस्सों से भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं. सूचना मिलने पर सुहेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची. तहसीलदार किशोर कुमार वर्मा भी घटनास्थल पर मौजूद रहे.
