कवर्धा जिले के ग्राम सूखाताल–बैहरसरी–उसला पुर मार्ग की मरम्मत शुरू कर दी गई है. किसानों और ग्रामीणों की ओर से सड़क की खराब स्थिति की शिकायत किए जाने के बाद कलेक्टर के निर्देश पर यह काम शुरू हुआ.
मरम्मत के तहत सड़क के गड्ढों में गिट्टी और अन्य सामग्री डाली जा रही है. इसके बाद सड़क को समतल किया जा रहा है. मार्ग के कई हिस्सों में गिट्टियां उखड़ गई थीं और जगह-जगह गड्ढे होने से लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही थी.
सड़क की खराब स्थिति का मुद्दा समृद्ध छत्तीसगढ़ किसान संघ ने उठाया था. संघ के सदस्यों ने किसानों और ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा था. ज्ञापन में सूखाताल–बैहरसरी–उसला पुर मार्ग की मरम्मत की मांग भी शामिल थी.
यह मार्ग किसानों के लिए महत्वपूर्ण है, क्योंकि इससे गन्ने का परिवहन किया जाता है. गन्ना ढोने वाले वाहनों को सड़क की खराब हालत के कारण सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. आसपास के गांवों के लोग भी दैनिक आवागमन के लिए इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं.
गन्ना पेराई का सीजन शुरू होने से पहले मरम्मत कार्य शुरू होने से किसानों और ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है.
