कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत सोमवार से राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान उनका कार्यक्रम जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में प्रस्तावित है. दौरे का प्रमुख उद्देश्य संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा और कार्यकर्ताओं से सीधे फीडबैक लेना बताया गया है.

भगत झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे. शंख नदी के पास राज्य की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे. पहले दिन मैनपाट में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है.

दूसरे दिन वे मैनपाट से उदयपुर जाएंगे और बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे. इसके बाद ग्राम साल्ही में परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों के साथ बैठक प्रस्तावित है. बैठक में कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों और ग्रामीणों की समस्याओं पर चर्चा होगी. शाम को वे अंबिकापुर पहुंचेंगे.

दौरे के अंतिम दिन अंबिकापुर के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक होगी. इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े विषयों पर चर्चा की जाएगी. इसके बाद भगत बलरामपुर जिले के राजपुर में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होकर लोहरदगा रवाना होंगे.