कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी और सांसद सुखदेव भगत 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. इस दौरान वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों में जाएंगे. दौरे में सरगुजा संभाग के कोयला खदान प्रभावित इलाकों पर विशेष फोकस रहेगा. वे प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित हितधारकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे.

सुखदेव भगत 16 नवंबर को झारखंड के लोहरदगा से सड़क मार्ग के जरिए छत्तीसगढ़ पहुंचेंगे. शंख नदी के पास प्रदेश की सीमा पर कांग्रेस कार्यकर्ता उनका स्वागत करेंगे. इसके बाद वे जशपुर, बालाछापर, पतराटोली, कांसाबेल और पत्थलगांव में प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होंगे. पहले दिन उनके मैनपाट में रात्रि विश्राम का कार्यक्रम है.

साल्ही में खदान प्रभावितों से बैठक

दौरे के दूसरे दिन 17 नवंबर को वे मैनपाट से उदयपुर जाएंगे और बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे. इसके बाद ग्राम साल्ही में PEKB, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित पक्षों के साथ बैठक करेंगे. बैठक में कोयला खनन परियोजनाओं से जुड़े मुद्दों, ग्रामीणों की समस्याओं और प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर चर्चा प्रस्तावित है.

इसके बाद वे प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कांटारोली (मेंद्रा) में जन चौपाल में शामिल होंगे. शाम को अंबिकापुर पहुंचकर रात्रि विश्राम करेंगे.

अंबिकापुर में संगठनात्मक बैठक

18 नवंबर को अंबिकापुर के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक होगी. इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों से जुड़े संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की जाएगी.

इसके बाद सुखदेव भगत बलरामपुर जिले के राजपुर जाएंगे, जहां रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की बूथ स्तरीय जन चौपाल में शामिल होंगे. कार्यक्रमों के बाद वे शाम को लोहरदगा के लिए रवाना होंगे.