छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 6 अक्टूबर की रात रायपुर पहुंचेंगे. इसके बाद वे 7 से 9 अक्टूबर तक बस्तर क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे. इस दौरान कांकेर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर में कांग्रेस की संगठनात्मक बैठकें प्रस्तावित हैं.
7 अक्टूबर को कांकेर में बैठक और मार्च
कार्यक्रम के अनुसार, सुखदेव भगत 7 अक्टूबर को सुबह 10 बजे रायपुर से कांकेर के लिए रवाना होंगे. दोपहर 1 बजे वे कांकेर में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे. इसके बाद दोपहर 2 बजे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ मार्च में हिस्सा लेंगे. शाम 3 बजे कांकेर से जगदलपुर के लिए रवाना होकर वहीं रात्रि विश्राम करेंगे.
दंतेवाड़ा में बैठक के बाद बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का दौरा
8 अक्टूबर को वे सुबह 10 बजे जगदलपुर से दंतेवाड़ा के लिए रवाना होंगे. सुबह 11:30 बजे दंतेश्वरी माता मंदिर में दर्शन के बाद दोपहर 12 बजे दंतेवाड़ा कांग्रेस भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक में शामिल होंगे.
दोपहर 2:30 बजे वे हितालकुड़म-बारसूर क्षेत्र के लिए रवाना होंगे. वहां बाढ़ प्रभावित लोगों से मुलाकात कर स्थिति और नुकसान की जानकारी लेने का कार्यक्रम है. हाल की भारी बारिश के बाद बस्तर और बीजापुर के कई इलाकों में बाढ़ से जनजीवन प्रभावित होने की जानकारी दी गई है.
9 अक्टूबर को जगदलपुर में बैठक
9 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे जगदलपुर कांग्रेस भवन में जिला और शहर कांग्रेस कमेटी की बैठक होगी. इसके बाद दोपहर 3 बजे वे रायपुर के लिए रवाना होंगे और रात 9:30 बजे रायपुर से दिल्ली जाएंगे. प्रदेश प्रभारी बनने के बाद 15 दिनों के भीतर यह उनका छत्तीसगढ़ का दूसरा दौरा बताया गया है.
