छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी सुखदेव भगत 16 से 18 नवंबर तक राज्य के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगे. निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वे जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर जिलों के अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तरीय जनचौपाल, संगठनात्मक बैठक और ग्रामीणों के साथ संवाद करेंगे.

जशपुर से शुरू होगा दौरा

16 नवंबर को भगत लोहरदगा से रवाना होकर सुबह 11 बजे छत्तीसगढ़ सीमा पर शंख नदी पहुंचेंगे. इसके बाद वे जशपुर के अघोरेश्वर सोगड़ा आश्रम जाएंगे. जशपुर विधानसभा क्षेत्र के बालाछापर और कुनकुरी विधानसभा क्षेत्र के पतरा टोली में उनकी जनचौपाल प्रस्तावित है.

कुनकुरी में भोजन के बाद वे कैथोलिक चर्च में बिशप से सौजन्य भेंट करेंगे और हनुमान टेकरी मंदिर में दर्शन करेंगे. इसके बाद कांसाबेल में जनचौपाल होगी. पत्थलगांव में वे जिला कांग्रेस कमेटी के दिवंगत उपाध्यक्ष हरगोविंद अग्रवाल को श्रद्धांजलि देंगे और उनके परिजनों से मिलेंगे. शाम को वे सरगुजा जिले के मैनपाट स्थित कमलेश्वरपुर पहुंचेंगे.

कोयला प्रभावित ग्रामीणों से संवाद

17 नवंबर को मैनपाट के बौद्ध मठ में दर्शन के बाद भगत उदयपुर जाएंगे, जहां बूथ स्तरीय जनचौपाल में शामिल होंगे. इसके बाद ग्राम साल्ही में पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोल ब्लॉक से प्रभावित ग्रामीणों तथा संबंधित हितधारकों के साथ बैठक करेंगे. शाम को प्रेमनगर विधानसभा क्षेत्र के कांटारोली (मेंद्रा) में जनचौपाल के बाद अंबिकापुर में रात्रि विश्राम करेंगे.

18 नवंबर को अंबिकापुर के राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की संगठनात्मक बैठक होगी. इसमें अंबिकापुर, लुंड्रा और सीतापुर विधानसभा क्षेत्रों के संगठन पदाधिकारी शामिल होंगे. दोपहर में भगत बलरामपुर जिले के राजपुर में रामानुजगंज विधानसभा क्षेत्र की जनचौपाल में जाएंगे और इसके बाद झारखंड के लोहरदगा के लिए रवाना होंगे.