रायपुर. छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी और लोकसभा सांसद सुखदेव भगत 27 सितंबर को पहली बार प्रदेश के दौरे पर पहुंचेंगे. उनका यह प्रवास तीन दिनों का होगा. इस दौरान वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों के साथ कई बैठकों में शामिल होंगे.

जारी कार्यक्रम के अनुसार, भगत पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी के सदस्यों, जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों, विभिन्न संगठनों और विभागों के प्रमुखों के साथ बैठक करेंगे. इसके अलावा कनेक्ट सेंटर टीम के साथ भी चर्चा प्रस्तावित है.

दौरे के दौरान भगत वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के साथ अलग-अलग वन-टू-वन बैठकें भी करेंगे. हालांकि उपलब्ध कार्यक्रम में इन बैठकों का विस्तृत समय और स्थान नहीं बताया गया है.

भगत के पहले छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारियों ने स्वागत की तैयारियां शुरू कर दी हैं. धरसीवा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष आशीष वर्मा ने बताया कि पार्टी प्रभारी के आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है.

तीन दिवसीय दौरे में संगठन से जुड़े नेताओं के साथ प्रस्तावित बैठकों के जरिए प्रदेश कांग्रेस की गतिविधियों और संगठनात्मक मामलों पर चर्चा होगी.