छत्तीसगढ़ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखदेव भगत 26 नवंबर को दो दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंचेंगे. अपने दौरे के पहले दिन वे कांग्रेस के संविधान रक्षा मार्च में शामिल होंगे. यह मार्च गांधी मैदान से अंबेडकर चौक तक निकाला जाएगा. कांग्रेस ने इसे संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के मुद्दे से जोड़कर आयोजित किया है.
दौरे के दूसरे दिन, 27 नवंबर को भगत प्रदेश कांग्रेस के नेताओं के साथ संगठनात्मक बैठक करेंगे. बैठक में संगठन की मौजूदा स्थिति, पार्टी की गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा की जाएगी. बैठक के बाद वे शाम को छत्तीसगढ़ से रवाना होंगे.
यह दौरा उनके हालिया सरगुजा संभाग प्रवास के बाद हो रहा है. भगत 16 से 18 नवंबर तक जशपुर, सरगुजा और बलरामपुर के दौरे पर थे. इस दौरान उन्होंने कोयला खदान प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों से मुलाकात की थी.
17 नवंबर को उन्होंने मैनपाट-उदयपुर क्षेत्र में जन चौपाल की थी. सलही में उन्होंने पीईकेबी, परसा, केते एक्सटेंशन और तारा कोयला खदान से प्रभावित ग्रामीणों और संबंधित लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनी थीं. 18 नवंबर को अंबिकापुर के राजीव भवन में संगठनात्मक बैठक के बाद वे बलरामपुर के राजपुर में जन चौपाल में शामिल हुए थे.
