रायपुर में छत्तीसगढ़ कांग्रेस के नवनियुक्त प्रभारी सुखदेव भगत ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर तीखी राजनीतिक टिप्पणी की. पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने आरोप लगाया कि कुमार ने चुनाव आयोग को सरकारी विभाग बना दिया है. भगत ने केंद्र सरकार से इस मुद्दे पर श्वेत पत्र जारी करने की मांग भी की.
छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद राज्य के अपने पहले दौरे पर भगत प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में मीडिया से रू-ब-रू हुए. उन्होंने कहा कि 2028 में कांग्रेस का लक्ष्य केवल सत्ता में लौटना नहीं, बल्कि गांधीवादी विचारधारा के साथ शासन करना है.
भगत ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को लेकर भी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री आदिवासी हैं, लेकिन उनकी “आत्मा कॉर्पोरेट घराने की है.” यह बयान उन्होंने राज्य में विकास, खनिज और विस्थापन से जुड़े सवाल उठाते हुए दिया.
कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और रेत खनन में कमीशनखोरी हो रही है. उन्होंने जंगल और जमीन से जुड़े मुद्दों पर स्थानीय लोगों के विस्थापन का सवाल उठाया. साथ ही कहा कि कांग्रेस विकास के खिलाफ नहीं है, लेकिन विकास के नाम पर लोगों का विनाश नहीं होना चाहिए.
विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और चुनाव आयुक्तों के बीच मतभेद के मुद्दे पर भगत ने भाजपा की प्रेस कॉन्फ्रेंस पर भी निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी चुनाव आयोग से सवाल करते हैं, जबकि जवाब भाजपा की ओर से आता है. भगत ने इसे लोकतंत्र के लिए गंभीर स्थिति बताते हुए राहुल गांधी को देश के लिए उम्मीद का केंद्र बताया.
