सुकमा में जिला कांग्रेस कमेटी और प्रदेश आदिवासी कांग्रेस ने आंध्र प्रदेश की पोलावरम बहुउद्देशीय परियोजना के विरोध में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने सात सूत्रीय मांगों को लेकर राज्यपाल के नाम सुकमा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा.
कांग्रेस नेताओं ने ज्ञापन में दावा किया कि पोलावरम बांध के बैकवाटर से सुकमा, बीजापुर और दंतेवाड़ा के आदिवासी गांव प्रभावित हो सकते हैं. उनके अनुसार, इससे कृषि भूमि, घर, वन भूमि और आदिवासी संस्कृति पर असर पड़ेगा. कांग्रेस ने इसे PESA कानून और वन अधिकार अधिनियम के उल्लंघन की आशंका से जोड़ा है.
कांग्रेस की सात मांगें
ज्ञापन में पोलावरम से प्रभावित होने वाले डूब क्षेत्र का दोबारा सर्वे कराने और प्रभावित परिवारों के ठोस पुनर्वास व मुआवजे तक बांध निर्माण रोकने की मांग की गई. कांग्रेस ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप कर छत्तीसगढ़ के आदिवासी हितों की रक्षा करने को कहा.
अन्य मांगों में नए वन अधिकार पट्टे जारी करना, जेलों में बंद निर्दोष आदिवासियों को रिहा करना, स्थानीय भर्ती में बेरोजगारों को प्राथमिकता देना और बेरोजगारी भत्ता देना शामिल है. कांग्रेस ने स्मार्ट मीटर हटाकर गांवों तक बिजली व्यवस्था पहुंचाने की मांग भी रखी.
प्रदर्शन प्रदेश आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष जनक ध्रुव के नेतृत्व में हुआ. इसमें कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी, बीजापुर विधायक विक्रम मंडावी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए. नेताओं ने कहा कि मांगें नहीं मानी गईं तो पूरे बस्तर में आंदोलन तेज किया जाएगा.
