छत्तीसगढ़ के सुकमा जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर शनिवार को नगर कांग्रेस ने राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया. प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग का पुतला जलाया गया.

कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार पर विपक्ष की आवाज दबाने का आरोप लगाया. उनका कहना था कि लोकतंत्र में विपक्ष को अपनी बात रखने का पूरा अधिकार है, लेकिन विपक्षी नेताओं को गिरफ्तार कर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की जा रही है.

कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाए आरोप

कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरीश कवासी ने दावा किया कि देश के हालात ठीक नहीं हैं. उन्होंने दिल्ली में कर्फ्यू लगाए जाने और लोगों को अपनी बात रखने का अवसर नहीं मिलने का आरोप लगाया. कवासी ने यह भी कहा कि विपक्षी नेताओं को जबरन गिरफ्तार किया जा रहा है.

उन्होंने भाजपा पर चुनाव आयोग के साथ मिलकर ‘वोटों की चोरी’ करने का आरोप लगाया. कवासी ने कहा कि जनता सब देख रही है और आने वाले चुनाव में भाजपा को इसका जवाब देगी.

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को निष्पक्ष बनाए रखने और विपक्ष को अपनी बात रखने का अधिकार देने की मांग की.

प्रदर्शन में मोहम्मद हुसैन, शेख सज्जार, राजेश नारा, गीता कवासी, रमेश राठी, लक्ष्मण मंडावी, राजू साहू, सुनील राठी और आयशा हुसैन समेत कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे.