छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में खराब और बचे हुए विस्फोटकों को नष्ट करने के दौरान हुए ब्लास्ट में CRPF के चार जवान घायल हो गए. इनमें दो जवानों को गंभीर चोटें आई हैं. हादसा भेज्जी थाना क्षेत्र के एलार्मडगु कैंप से करीब 200 मीटर दूर बोदराजपदर नाला के पास हुआ.

जानकारी के अनुसार, CRPF के कोंटा रेंज के पिड़मेल, डब्बाकोंटा, कोलाईगुड़ा और एलार्मडगु कैंपों में रखे विस्फोटकों को सुरक्षित तरीके से नष्ट करने के लिए जगदलपुर से एम्युनिशन टेक्नीशियन टीम (ATT) पहुंची थी. गुरुवार को टीम सुरक्षा मानकों के तहत विस्फोटकों को नष्ट कर रही थी. इसी दौरान एक विस्फोटक का अंश उड़कर पास में जा गिरा और इसके बाद ब्लास्ट हो गया.

हादसे में ATT के ASI एमके तिवारी और 50वीं वाहिनी CRPF के ASI अनीश खान गंभीर रूप से घायल हुए. ATT के निरीक्षक अमरनाथ मिश्रा और 50वीं वाहिनी CRPF के प्रधान आरक्षक कुलदीप राज को सामान्य चोटें आईं.

चारों जवानों को प्रारंभिक उपचार के बाद कोंटा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. बाद में एसपी मयंक गुर्जर ने बताया कि सभी जवान सुरक्षित हैं और बेहतर इलाज के लिए उन्हें भद्राचलम भेजा गया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.